फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। शहर की प्रतिभाशाली छात्रा लकी यादव ने इतिहास विषय में यूजीसी नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से परिवार समेत पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और शुभचिंतकों द्वारा उन्हें बधाई दी जा रही है।
नगर के शिवनगर कॉलोनी निवासी लकी यादव, पिता कौशलेंद्र बाबू यादव (बेबाक कवि) एवं माता पुष्पलता यादव, प्रधानाध्यापक जूनियर विद्यालय ढिलावल की सुपुत्री हैं। लकी ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर यह उपलब्धि हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।
बताया जाता है कि लकी यादव की प्रारंभिक शिक्षा के बाद उच्च शिक्षा वनस्थली विद्यापीठ, जयपुर से पूर्ण हुई है। उन्होंने लोक प्रशासन एवं इतिहास विषय में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है। वर्तमान में वह असिस्टेंट प्रोफेसर बनने के लक्ष्य के साथ-साथ सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी में भी जुटी हुई हैं। लकी यादव की इस सफलता पर परिजनों, मित्रों एवं शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि उनकी यह उपलब्धि अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
छात्रा लकी यादव ने यूजीसी नेट पास कर बढ़ाया जिले का मान

