अपर्णा की इस घृणा के मायने क्या है..?

बृजेश चतुर्वेदी

लखनऊ।  (आवाज न्यूज ब्यूरो)। अपर्णा यादव की पॉलिटिक्स कोई तो कंट्रोल कर रहा है। ऊंचे पद की लालसा भी है, लेकिन सिर्फ यही एक पुख्ता वजह नहीं है। हाल ही में अपर्णा यादव ने समाजवादी पार्टी का झंडा जलाया। यह वही झंडा है, जिसे मुलायम सिंह यादव के इर्द-गिर्द संजोया गया।

मुलायम सिंह यादव अपर्णा यादव के ससुर हैं। अखिलेश रिश्ते में जेठ लगते हैं। अपर्णा मुलायम के छोटे बेटे प्रतीक की पत्नी हैं। भाजपा की विचारधारा से प्रभावित हैं। 

दरअसल, वैचारिक तौर पर ये एक दूसरे से कितने भी अलग हो सकते हैं, लेकिन रिश्तों में कड़वाहट इतनी कब आ गई कि अपर्णा को विरोध करने के लिए झंडा जलाना पड़ रहा है, जिस पर अखिलेश की फोटो लगी है। 

बतौर पॉलिटीशियन अपर्णा का ये स्टंट जैसा भी है, अलग मसला है। लेकिन एक बहू के तौर पर अखिलेश के परिवार के लिए ये चुभने वाली बात है। खासकर तब जब झंडे में अखिलेश यादव का फोटो वाला हिस्सा पहले जला। सपा के नेताओं ने इस मुद्दे को लपक लिया है। और पूरी संभावना है कि अखिलेश यादव भी इस पर प्रतिक्रिया जरूर देंगें।