फर्रूखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो) उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन मे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के बैनर तले सहायता कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्राधिकरण की अध्यक्ष जनपद न्यायाधीश ने फीता काट लीगल एडवाइस एंड हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया।
यह पहल जनपद के बंदियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए महत्वपूर्ण की गई है। जिला कारागार एवं केन्द्रीय कारागार फतेहगढ़ के मुलाकाती स्थल पर ‘लीगल एड हेल्प डेस्क’ का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव, श्रीमती बिंदिया भटनागर ने बताया कि इस हेल्प डेस्क की स्थापना का मुख्य उद्देश्य कारागार में निरुद्ध बंदियों के परिजनों को मुलाकाती स्थल पर ही त्वरित विधिक सहायता, कानूनी परामर्श और जागरूकता उपलब्ध कराना है। कारागारों के बाहर स्थापित इन हेल्प डेस्क के सुचारू संचालन हेतु 4 परा विधिक स्वयंसेवकों की ड्यूटी लगाई गई है। ताकि बंदियों और उनके परिजनों को विधिवत सहायता प्राप्त हो सके। इस पूरी प्रक्रिया में नामित अधिवक्ता और जेल विजिटर उपस्थित रहकर विधिक सेवा संबंधी उचित सहयोग प्रदान करेंगे। कार्यक्रम में एलएडीसीएस के चीफ, डिप्टी और असिस्टेंट काउंसल ने भी भाग लिया। प्राधिकरण सचिव ने निर्देशित किया कि सभी तैनात स्वयंसेवक निर्धारित तैनाती रोस्टर के अनुसार लोगो को जागरूक करेगें तथा बंदियों के परिजनों की सहायता करेगें। इस नई व्यवस्था से बंदियों के परिजनों को जेल परिसर में ही प्रभावी कानूनी मदद मिल सकेगी।

