फर्रूखाबाद सर्विलांस टीम की बड़ी कामयाबी: 125 गुम मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए

फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। पुलिस की सर्विलांस टीम ने उल्लेखनीय कार्य करते हुए विभिन्न क्षेत्रों से खोए हुए 125 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने मोबाइल धारकों को उनके फोन सुपुर्द किए। लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद में खोए अथवा गुम हुए मोबाइल फोनों की तलाश के लिए सर्विलांस टीम लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। टीम ने आधुनिक तकनीक और सर्विलांस के माध्यम से विभिन्न स्थानों से 125 मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइलों की पहचान और सत्यापन के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को वापस किया गया। मोबाइल प्राप्त करने पहुंचे लोगों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। कई लोगों ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल वापस मिल सकेगा, लेकिन पुलिस के प्रयासों से यह संभव हो सका। मोबाइल मिलने के बाद लोगों ने पुलिस अधीक्षक और सर्विलांस टीम का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने सर्विलांस टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान और उनकी संपत्ति की सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से मोबाइल गुम होने पर तत्काल संबंधित थाने अथवा ऑनलाइन पोर्टल पर सूचना दर्ज कराने की अपील भी की, जिससे बरामदगी की संभावना बढ़ सके। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी रही। सर्विलांस टीम की इस उपलब्धि को जनपद पुलिस की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।