कन्नौज: गौहत्या करने वाले दो अभियुक्त गिरफ्तार

मुठभेड़ में गिरफ्तार हुआ एक अभियुक्त अस्पताल में कराया गया भर्ती

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)।  गुरुवार रात 12 बजकर 22 मिनट पर यूपी 112 के माध्यम से सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम घमाइचमऊ में गाय काटने की  सूचना मिलने पर तत्काल कन्नौज पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

सदर कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस को मौके से गोवंश के अवशेष के रूप में रक्त, सींग तथा खाल का कुछ भाग पड़ा मिला। घटनास्थल से एक लोहे की जंजीर भी बरामद हुई।

उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर डों पशु चिकित्साधिकारी को बुलाकर उपलब्ध अवशेषों का परीक्षण कराया गया, जिनके द्वारा प्रथम दृष्ट्या उक्त अवशेष गोवंश के होना बताया गया।

मौके से बरामद गोवंश के अवशेषों का पशु चिकित्साधिकारी द्वारा परीक्षण कराए जाने बाद उनका सुरक्षित निस्तारण करा दिया गया।

सदर कोतवाल ने बताया कि यूपी 112 को सूचना देने वाले व्यक्ति ने बताया कि उसकी गाय एक दिन पूर्व से गायब थी, जिसकी तलाश करते हुए वह उक्त स्थान पर पहुंचा तो उसने बड़का एवं मन्ना पुत्र आजाद खां निवासी ग्राम घमाइचमऊ कन्नौज तथा उनके अन्य चार साथियों को घटनास्थल पर देखा था।

पुलिस ने तत्काल अभियुक्तों की तलाश के लिए दबिश की कार्रवाई की।

उन्होंने बताया कि दबिश के दौरान अभियुक्त इरशाद उर्फ सुल्ताना पुत्र उस्मान गनी घटनास्थल से लगभग 500 मीटर की दूरी पर खेत में छिपा हुआ मिला, जिसे पुलिस ने हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान उसने घटना में सम्मिलित अभियुक्त मन्ना पुत्र आजाद तथा बड़का पुत्र आजाद तथा मुस्तबील पुत्र वकील तथा रिजवान पुत्र शमशाद तथा सादिक उर्फ शाहिद पुत्र वाहिद उर्फ बैदू निवासी ग्राम घमाइचमऊ, थाना कोतवाली कन्नौज के नाम बताये।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि बीट आरक्षी मोनू कुमार की तहरीर के आधार पर सदर कोतवाली कन्नौज पर मु०अ०सं०-392/2026 धारा 3/5/8 गोवध अधिनियम पंजीकृत किया गया।

एसपी ने बताया कि अन्य अभियुक्तों की तलाश के दौरान सूचना मिली कि उपरोक्त मुकदमे से संबंधित 02 अभियुक्त जलालपुर पनवारा की तरफ जा रहे है। इस सूचना पर थाना कोतवाली कन्नौज पुलिस द्वारा अभियुक्तों की घेराबंदी की गई। घेराबंदी के दौरान अभियुक्त शाहिद पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ फायरिंग की गई जिसमें अभियुक्त शाहिद के पैर में गोली लगी जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। दूसरा अभियुक्त बड़का मौके से फरार हो गया जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।