कन्नौज: लाभार्थी परक योजनाओं की बैंकवार समीक्षा, एचडीएफसी को मिली चेतावनी

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, पीएम सूर्य घर योजना एवं लखपति दीदी योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, बैंकवार प्रगति तथा पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से लाभान्वित किए जाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बैंकवार प्रगति का अवलोकन करते हुए पाया कि 04 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक जनपद में 270 ऋण वितरित तथा 577 आवेदन बैंक स्तर पर लंबित रहे। वहीं 18 जुलाई से 01 अगस्त 2026 के बीच 330 ऋण वितरित तथा 455 आवेदन बैंक स्तर पर लंबित पाए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वीकृति एवं वितरण की गति में और तेजी लाई जाए ताकि अधिकाधिक युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें।

बैठक में एचडीएफसी बैंक द्वारा पिछले चार माह में एक भी ऋण स्वीकृत न किए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जनता से जुड़े कार्यों में इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने संबंधित बैंक अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य बैंकों को भी निर्धारित लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने तथा पात्र आवेदकों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि नए लाभार्थियों के आवेदन पत्रों को बिना विलंब बैंकों को प्रेषित किया जाए। जिन प्रकरणों को बैंक द्वारा आपत्तियों के साथ वापस किया गया है, उन्हें आवश्यक कमियों का निराकरण कर पुनः भेजा जाए, ताकि पात्र आवेदकों का समय नष्ट न हो और उन्हें शीघ्र ऋण उपलब्ध कराया जा सके।

पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि जुलाई माह में 113 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि इसी गति एवं गुणवत्ता के साथ आगामी माह में भी कार्य किया जाए तथा अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुँचना चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए लक्ष्यपूर्ति सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास, प्रभारी जिला विकास अधिकारी राजकुमार लोधी, परियोजना निदेशक डीआरडीए रामऔतार सिंह, उपायुक्त उद्योग प्रेमकांत, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) डॉ. रंजीत सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।