कन्नौज: जिले के 18 शिक्षण संस्थानों में होगा “नशा मुक्त युवा संकल्प अभियान” का सीधा प्रसारण

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा संचालित “नशा मुक्त युवा  विकसित भारत संकल्प अभियान” के अंतर्गत 02 अगस्त को प्रातः 10:00 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देशभर के युवाओं के साथ वर्चुअल संवाद करेंगे तथा “नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान” का शुभारंभ करेंगे। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जनपद कन्नौज के कुल 18 शिक्षण संस्थानों एवं प्रशिक्षण केंद्रों में एक साथ किया जाएगा।

जिलाधिकारी द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं प्रशिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही प्रत्येक स्थान पर माई भारत स्वयंसेवकों की ड्यूटी निर्धारित की गई है, जो कार्यक्रम के समन्वय, युवाओं की सहभागिता, नशा मुक्ति संकल्प एवं कार्यक्रम संचालन में सहयोग प्रदान करेंगे।

जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने बताया कि यह अभियान “ड्रग फ्री इंडिया 2047” के राष्ट्रीय विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा उन्हें स्वस्थ, जागरूक एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने जनपद के समस्त युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने निकटतम निर्धारित संस्थान पर पहुंचकर माननीय प्रधानमंत्री जी के प्रेरणादायी संबोधन का लाभ प्राप्त करें तथा नशा मुक्त भारत के संकल्प में सहभागी बनें।

जनपद के जिन संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा उनमें जी.डी.सी. डिग्री कॉलेज, बांगर, समाज कल्याण छात्रावास, नसरापुर, भजनानंद इंटर कॉलेज, पी.एस.एम. कॉलेज एवं मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग, कन्नौज, सरदार पटेल इंटर कॉलेज कचाटीपुर राजकीय पालीटेक्निक कॉलेज तिर्वा , माया देवी इंटर कॉलेज, कन्नौज, जागृति पब्लिक स्कूल, तालग्राम; एस.एम.सी.एम. इंटर कॉलेज, टडारायपुर, आई.टी.आई. कॉलेज, तालग्राम; महर्षि निशंक इंटर कॉलेज, कन्नौज; मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग, छिबरामऊ, नेहरू पी.जी. कॉलेज, छिबरामऊ, चौधरी अवनीश कुमार मेमोरियल इंटर कॉलेज, छबीलेपुरवा; आदर्श बाल विकास इंटर कॉलेज, सौरिख; राजकीय बालिका पॉलिटेक्निक, जसौदा; वी.डी. तिवारी इंटर कॉलेज, जलालाबाद; भारतीय इंटर कॉलेज, नितानंदपुर तथा अविका कॉलेज, गुगरापुर शामिल हैं।

प्रत्येक संस्थान में माई भारत के नामित स्वयंसेवक कार्यक्रम प्रारम्भ होने से पूर्व समस्त तकनीकी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे तथा कार्यक्रम के उपरांत युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाते हुए स्वच्छता गतिविधि का भी आयोजन करेंगे।

जिला युवा अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों एवं संबंधित संस्थानों से अनुरोध किया है कि वे प्रातः 10:00 बजे से प्रारंभ होने वाले इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में समय से उपस्थित होकर अधिकाधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करें तथा नशा मुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए अपना सक्रिय योगदान दें।