कन्नौज: आलू उत्पादन, प्रसंस्करण एवं निर्यात की आधुनिक तकनीकों पर कार्यशाला आयोजित

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)।  जनपद के आलू उत्पादकों, एफपीओ एवं निर्यातकों को आधुनिक तकनीकों एवं निर्यात संबंधी आवश्यक जानकारियों से अवगत कराने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में गोष्ठी का आयोजन किया गया।  इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी ने “क्षमता संवर्धन एवं आलू निर्यात” प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कृषि में आधुनिक तकनीकों, प्रसंस्करण एवं निर्यात को बढ़ावा देकर किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने किसानों से गुणवत्ता आधारित उत्पादन एवं मूल्य संवर्धन को अपनाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

कार्यशाला में विशेषज्ञों ने किसानों को निर्यात मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण आलू उत्पादन, वैज्ञानिक प्रसंस्करण, भंडारण तथा विपणन की नवीनतम तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। बताया गया कि आधुनिक तकनीकों को अपनाकर किसान अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त करने के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक अपनी पहुँच बना सकते हैं।

जिला उद्यान अधिकारी ने जनपद में आलू उत्पादन एवं निर्यात की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए किसानों को गुणवत्ता आधारित खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। एपीडा के विशेषज्ञों ने अंतरराष्ट्रीय निर्यात मानकों, आईईसी एवं आरसीएमसी पंजीकरण की प्रक्रिया तथा निर्यात से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताओं की जानकारी प्रदान की। 

पीएस कोल्ड स्टोरेज के प्रतिनिधि ने आलू के सुरक्षित भंडारण एवं निर्यात की संभावनाओं पर उपयोगी सुझाव दिए। वहीं एसओ प्रतीक फार्म प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधि ने आलू से चिप्स, स्टार्च, फ्लेक्स तथा आलू पाउडर जैसे मूल्य संवर्धित उत्पाद तैयार करने की तकनीकों से किसानों को अवगत कराया।

प्रगतिशील कृषक राम लखन पाण्डेय एवं एफपीओ उद्यमी एसपी सिंह ने अपने अनुभव साझा किए। कृषि विज्ञान केंद्र, अनौगी के वैज्ञानिक डॉ. अरविंद कुमार ने तकनीकी विषयों पर जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अरविंद कुमार ने किया तथा अंत में एपीडा प्रतिनिधि उदय नारायण त्रिपाठी ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।