विधान परिषद में बहुमत के लिए गुंडई कर रही है भाजपा : अखिलेश यादव का आरोप

लखनऊ। (आवाज न्यूज ब्यूरो) सपा सुप्रीमों अखिलेश यादव ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि विधान परिषद चुनाव में बहुमत के लिए वह गुंडागर्दी कर रही है। पंचायत चुनाव में भी उन्होंने यही तरीका अपनाया था और अब भी वही कर रहे हैं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक उनकी मदद कर रहे हैं। अखिलेश यादव बुधवार को समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया की जयंती पर लखनऊ के लोहिया पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद मीडिया को संबोधित कर रहे थे। अखिलेश यादव ने कहा कि जनता ने हमें संघर्ष करने का आदेश दिया है। हम सड़क से विधानसभा तक जनता के मुद्दे उठाएंगे। भाजपा के लोग गुंडई पर उतर आए हैं और लोकतंत्र को खत्म कर रहे हैं।
चुनाव बाद पेट्रोल-डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों पर अखिलेश ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कमाई से होने वाला मुनाफा उद्योगपतियों की जेब में जा रहा है। सरकार कहती है कि कीमतें नियंत्रित करना उसके वश में नहीं है तो चुनाव के पहले कीमतें बढ़ने की बजाए रुक क्यों गई थी?
एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशियों के पर्चे निरस्त होने एवं धक्कामुक्की से सपाइयों में उबाल है। सपा सुप्रीमों अखिलेश यादव ने कहा कि यह लोकतंत्र का अपमान है। उन्होंने मंगलवार को कहा था कि भाजपा राज में लोकतंत्र खतरे में है। यह सत्ता का क्रूर चेहरा है। हार का डर ही जनमत को कुचलता है। उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि भाजपा राज में लोकतंत्र की अपेक्षा करना दिन में तारे ढूंढ़ना है। उन्होंने एटा में सपा प्रत्याशी उदयवीर के साथ हुई धक्कामुक्की का वीडियो भी शेयर किया। अखिलेश ने गैस सिलिंडर के बढ़े दाम पर भी कटाक्ष किया।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘जनता को दिया भाजपा सरकार ने महंगाई का एक और उपहार। लखनऊ में रसोई गैस सिलिंडर हुआ हजार के पास और पटना में हजार के पार। चुनाव खत्म, महंगाई शुरू।’

Check Also

रानी अहिल्याबाई होल्कर ने न्याय प्रिय शासन देकर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज किया : प्रदेश उपाध्यक्ष

फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो) आवास विकास कॉलोनी स्थित भाजपा जिला मुख्यालय पर भाजपा के प्रदेश …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *