फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो) । एसएन साध ट्रस्ट के सौजन्य से बुधवार को आयोजित दिव्यांग शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे। शिविर में कुल 180 लोगों का पंजीकरण किया गया। इस दौरान जरूरतमंदों को ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, कृत्रिम अंग, कैलिपर, बैसाखी, वॉकर, जूते और कान की मशीन सहित विभिन्न उपकरण निशुल्क वितरित किए गए। शिविर का निरीक्षण करने मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ पहुंचे। शिविर में पहुंचने पर राकेश साध और चमकेश साध ने शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने सीडीओ को शिविर में उपलब्ध कराई जा रही निशुल्क सेवाओं की जानकारी दी और विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण कराया। व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद सीडीओ ने ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे जनहितकारी कार्यों को आगे भी आयोजित करने के लिए बधाई दी। उन्होंने प्रबुद्ध वर्ग से भी दिव्यांगजनों की सहायता के लिए इस तरह के कार्यों को बढ़ावा देने की अपील की। शिविर की व्यवस्था में मधु साध, प्रिया साध, रितेश साध, राहुल साध, गुंजा जैन और रोहित गर्ग ने दिल्ली से पहुंचकर सहयोग किया। ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि शिविर में लाभ लेने के लिए दिव्यांगजन को केवल आधार कार्ड और दिव्यांग प्रमाण पत्र लेकर आना होता है। मौके पर पंजीकरण के बाद पात्र लाभार्थियों को निशुल्क सेवाएं और उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कान संबंधी समस्या से जूझ रहे लोगों के परीक्षण के लिए ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अनु भी मौजूद रहीं। उन्होंने लाभार्थियों का परीक्षण कर आवश्यकतानुसार कान की मशीन और दवाएं लिखीं, जिन्हें ट्रस्ट की ओर से निशुल्क उपलब्ध कराया गया।जयपुर से आई विशेष टीम ने कृत्रिम अंग और अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराने में सहयोग किया। ट्रस्ट के अनुसार शिविर में सेवा कार्य में उदय पाल, सुजीत वर्मा, विजय, नितिन, राहुल, प्रभात, नरेश, जगदीश, रॉबिन साध, शेखर साध सहित जयपुर की टीम का विशेष सहयोग रहा। वितरित उपकरणों का विवरणरू ट्राई साइकिल 8, कृत्रिम हाथ 7, व्हीलचेयर 10, छड़ी 36, कैलिपर 24, कृत्रिम पैर 29, बैसाखी 28, वॉकर 18, जूते 26 और कान की मशीन 68 वितरित की गईं।
एसएन साध ट्रस्ट का दिव्यांग शिविर: 180 लोगों का पंजीकरण, 254 को वितरित किए गए उपकरण
