सेवा संकल्प अभियान में 100 एलपीजी गैस वितरण मित्र सम्मानित

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) ।  सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत गुरुवार को जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर जनपद में कार्यरत एलपीजी गैस वितरण मित्र (हॉकरों) को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद मुकेश राजपूत ने की। अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक गैस उपभोक्ताओं को निर्धारित अवधि में उनके घरों तक रिफिल सिलेंडर पहुंचाने तथा ईंधन-इजरायल समेत अन्य देशों के बीच चल रहे युद्ध के कारण घरेलू गैस के आयात पर पड़ने वाले प्रभाव को देखते हुए गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिला पूर्ति विभाग, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की टीम द्वारा गैस रिफिल की आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के लिए निगरानी की गई। इसी क्रम में बेहतर कार्य करने वाले गैस वितरण मित्रों को सांसद मुकेश राजपूत ने शॉल व माला पहनाकर सम्मानित किया तथा प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम में बहोरण, रविन्द्र, अतुल, लालू, हिमांशु, रनवीर, गौरव, संजू पाल सहित 100 गैस वितरण मित्रों को सम्मानित किया गया। इस दौरान जिला पूर्ति अधिकारी अनिल कुमार यादव, पूर्ति निरीक्षक दीपक राणा, एलपीजी बिक्री प्रबंधक अभिषेक मिश्रा, पूर्ति निरीक्षक अमित चैधरी, पूर्ति निरीक्षक नेहा गुप्ता, पूर्ति निरीक्षक राजीव कुमार, पूर्ति लिपिक एवं गैस एजेंसियों के स्वामी मौजूद रहे।