फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर कई अधिकारियों-कर्मचारियों को नोटिस

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । जनपद में फार्मर रजिस्ट्री की धीमी प्रगति पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने कड़ी नाराजगी जताई है। समीक्षा के दौरान कार्य में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर 304 पंचायत सहायकों, 88 लेखपालों, 27 ग्राम पंचायत सचिवों, 47 ग्राम रोजगार सेवकों और 23 ग्राम विकास अधिकारियों समेत कुल 489 अधिकारियों-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गुरुवार को फार्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। बताया गया कि जनपद में कुल 2,50,162 कृषकों की फार्मर आईडी बनाई जानी है। इसके सापेक्ष अब तक 2,08,390 कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार की जा चुकी है, जबकि करीब 42 हजार कृषकों की फार्मर आईडी बनाया जाना अभी शेष है।सीडीओ ने विकासखंड स्तर पर कार्य में तेजी लाते हुए शेष कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों से कहा कि किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व की जानकारी देने के साथ ही उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि पात्र कृषकों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।समीक्षा में सामने आया कि विकासखंड स्तर पर ड्यूटी में लगाए गए कई पंचायत सहायकों, ग्राम रोजगार सेवकों, ग्राम पंचायत सचिवों, ग्राम विकास अधिकारियों और कृषि विभाग के कार्मिकों द्वारा फार्मर रजिस्ट्री बनाने में अपेक्षित योगदान नहीं दिया गया। कुछ कार्मिकों द्वारा एक भी फार्मर रजिस्ट्री नहीं बनाए जाने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगा।