कन्नौज:  मुख्य चुनावआयुक्त के खिलाफ सड़क पर उतरे सपाई

सपा कार्यालय से कलक्ट्रेट तक निकाला जुलूस, चुनाव आयोग के खिलाफ की नारेबाजी

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ गुरुवार दोपहर 12 बजे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करने के लिए सपाई  पार्टी के जिला कार्यालय में एकत्र हुए। इसके बाद कार्यकर्ताओं का हुजूम कलक्ट्रेट की ओर कूच कर गया। करीब दो किलोमीटर तक निकाले गए पैदल जुलूस के दौरान सपाइयों ने मुख्य चुनाव आयुक्त और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर नारेबाजी भी की।

सपा नेताओं ने नारे लगाए लोकतंत्र के हत्यारे 

ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो इस्तीफा दो। बाद मे राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन मे मांग की गयी है कि देश में प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ ही निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली की स्वतंत्र जांच कराई जानी चाहिए, ताकि चुनाव व्यवस्था के प्रति जनता का विश्वास मजबूत हो सके।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें, निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली की स्वतंत्र जांच कराई जाए और मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा, चुनाव प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता तथा राजनीतिक दलों की शिकायतों का समय से निस्तारण किए जाने की मांग भी उठाई।

सपा कार्यकर्ताओं ने ईवीएम-वीवीपैट प्रणाली को समाप्त करने और चुनाव प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने की मांग रखी। उनका कहना था कि लोकतंत्र एवं निर्वाचन व्यवस्था में जनता के विश्वास को बहाल करने के लिए चुनाव आयोग को उठ रहे सवालों का स्पष्ट और समयबद्ध जवाब देना चाहिए। सपा कार्यालय से शुरू हुआ प्रदर्शन कलेक्ट्रेट पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।

कलेक्ट्रेट पहुंचने पर गेट पर ही तैनात भारी पुलिस बल के सपाइयों को रोक लिया। इसी बीच पुलिस और सपाइयों के बीच जमकर धक्का मुक्की हुई। प्रदर्शन के दौरान पार्टी पदाधिकारी, नेता एवं बड़ी संख्या में मौज़ूद थे।

समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में 10 बजे से ही कार्यकर्ताओं के जुटने का सिलसिला शुरू हो गया था। देखते ही देखते पार्टी कार्यालय पर भीड़ एकत्र हो गई। इसके बाद कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट के लिए रवाना हुए। हाथों में पार्टी का झंडा लेकर निकले सपाइयों ने रास्ते भर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जताया। जुलूस के जिला मुख्यालय की ओर बढ़ने के साथ ही प्रशासन और पुलिस महकमा भी सतर्क हो गया।

सपाइयों के प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी थी। जिले की तीनों तहसीलों के एसडीएम और तीनों सर्किल के सीओ को मुस्तैद किया गया। इसके अलावा दो ट्रक पीएसी समेत भारी पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिस अधिकारी ड्रोन के जरिए जुलूस की गतिविधियों पर नजर बनाए रहे, ताकि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी होती रही।