मात्र दिखावा है भाजपा का अमृत महोत्सव : अखिलेश

राष्ट्रवाद के नाम पर केवल अपना स्वार्थवाद ही पूरा करना जानती है भाजपा

लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो) सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा राष्ट्रवाद के नाम पर केवल अपना स्वार्थवाद ही पूरा करना जानती है। उनके लिए लोकतंत्र केवल कहने-सुनने को है। अमृत महोत्सव को जनजीवन के उत्साह से जोड़ने की जगह भाजपाई रंग देने का प्रयास देश के लिए मर मिटने वाले शहीदों का अपमान है। भाजपा के इस खेल को जनता नापसंद करती है।
अखिलेश यादव ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि अमृत महोत्सव के नाम पर राष्ट्र भक्ति का उपदेश देने वाले आरएसएस-भाजपा नेताओं ने चूंकि कभी राष्ट्रध्वज का सम्मान नहीं किया इसलिए आज भी वे उसका अपमान करने से नहीं चूक रहे हैं। कहीं तिरंगा यात्रा को भाजपाइयों ने दंगा यात्रा बना दिया है तो इटावा में भाजपा नेताओं ने दिखा दिया कि उन्हें सीधा तिरंगा पकड़ना भी नही आता है। स्कूलों में बच्चों से, दफ्तर के कर्मचारियों से झण्डा खरीद के लिए वसूली की जा रही है।
यूपी में हर विभाग भ्रष्टाचार में संलिप्त है और पुलिस उत्पीड़न करने में लगी है। आजादी के 75 वर्ष पर आयोजित अमृत महोत्सव भाजपा का दिखावा मात्र है। उन्होंने कहा कि भाजपा की दागदार सरकार में धांधली का साम्राज्य है। प्रदेश में पी0डब्लू0डी0, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के तबादलों में पूरी धन्धेबाजी नजर आई। जांच के नाम पर कुछ ठोस परिणाम नहीं आये। घपला, घोटाला करने वाले अपनी अपनी कुर्सियों पर जमे हैं। मुख्यमंत्री रिपोर्ट मांग लेते हैं, अफसर उस पर कुण्डली मार कर बैठ जाते हैं।

Check Also

फैसले का स्वागत, सरकार अब तारीख बताए : जाति जनगणना पर बोले राहुल गांधी

नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बुधवार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *