संविधान की रक्षा करने के लिए काम करें ‘आप’ के कार्यकर्ता : सीएम अरविन्द केजरीवाल

26/11 आतंकी हमले में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए सीएम ने किया नमन

नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो) दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी के गठन के नौ साल पूरे होने के मौके पर कहा कि पार्टी से लोगों की उम्मीदें बढ़ी हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से संविधान की रक्षा करने की दिशा में काम करने की अपील की है। यही नहीं दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।
इसके अलावा दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने कहा कि संविधान दिवस पर हम साथ खड़े हैं। संविधान सरकार का नहीं है, देश का है। हमने अपनी पार्टी की स्थापना भी संविधान दिवस पर ही की थी। संविधान को हम मानते हैं और उसके अनुरूप काम हो उसके लिए हम प्रयास भी कर रहे हैं।
श्री केजरीवाल ने 26/11 आतंकवादी हमले में शहीद हुए जवानों को भी श्रद्धांजलि दी और किसान आंदोलन के एक साल पूरा होने पर किसानों के जज्बे को भी सलाम किया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘आज संविधान दिवस है। आम आदमी पार्टी को भी बने आज पूरे नौ साल हो गए हैं। हर गुजरते दिन के साथ देश के लोगों की उम्मीदें और विश्वास ‘आप’ पर बढ़ता जा रहा है। सभी ‘आप’ कार्यकर्ताओं से मेरी अपील है कि देश के संविधान की रक्षा और जनता की सेवा में हमें दिन-रात यूं ही मेहनत करते रहना है।’
दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने 26/11 आतंकवादी हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि 26/11 के मुंबई हमले में जान की बाजी लगाकर देश की सेवा करने वाले हमारे वीर जवानों की अमर शहादत को, मैं श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। अपने वीर शहीदों का ये देश हमेशा ऋणी रहेगा।
सीएम अरिवंद केजरीवाल ने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन के एक साल पूरे होने पर उन्हें बधाई दी। केन्द्र सरकार ने ये कानून पिछले सप्ताह वापस लेने की घोषणा कर दी थी। केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘आज किसान आंदोलन को पूरा एक साल हो गया है। इस ऐतिहासिक आंदोलन ने गर्मी-सर्दी, बरसात-तूफान के साथ अनेक साजिशों का भी सामना किया। देश के किसान ने हम सबको सिखा दिया कि धैर्य के साथ हक की लड़ाई कैसे लड़ी जाती है। किसान भाइयों के हौसले, साहस, जज्बे और बलिदान को मैं सलाम करता हूं।’

Check Also

समाजवादी पार्टी का सपा सांसद रामजी लाल सुमन पर हमले के विरोध में विशाल धरना प्रदर्शन

‘‘भाजपा पर लगाया दलितों और पीडीए के खिलाफ मानसिकता से काम करने का आरोप’‘‘फर्रुखाबाद l …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *