फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो) विधानपरिषद चुनाव के दौरान सपा प्रत्याशी समर्थक ने भाजपा समर्थक के साथ हाथापाई कर दी, जिससे हंगामा हो गया। हंगामा बढने पर पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को खदेड़ा।
विवरण के अनुसार सरिता पत्नी प्रभाकर (बीडीसी) निवासी सिरौली मतदान करने आयीं थी। उनको लेकर भाजपा समर्थक बृजेश दुबे बूथ पर पंहुचे। लेकिन पीठासीन अधिकारी ने उसे फर्जी बता दिया। बृजेश दुबे महिला मतदाता को लेकर वापस आ गये। उसी दौरान उनकी भेंट सपा एमएलसी प्रत्याशी हरीश कुमार से हुई। मौका देखकर ग्राम रोहिला निवासी एक युवक ने बृजेश दुबे के साथ हाथापाई कर दी। जिससे हंगामा शुरू हो गया। हंगामा बढने पर पुलिस ने लाठी पटक कर भीड़ को खदेड़ा। सपा प्रत्याशी को घेरने की भाजपा नेताओं ने कोशिश की। लेकिन वह बूथ से बाहर नही निकले। जिसके बाद बृजेश दुबे के साथ उनके समर्थक सड़क पर धरना देने के लिए बैठ गये। पुलिस ने उन्हें बमुश्किल शांत किया।
