फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो) शहर के आवास विकास स्थित जिला भाजपा मुख्यालय पर फर्रुखाबाद नगरपालिका चुनाव की तैयारी हेतु बैठक आहूत हुई, जिसमें फर्रुखाबाद नगर पालिका चुनाव प्रभारी राज्यमंत्री(महिला कल्याण बाल विकास एवं पुष्टाहार) प्रतिभा शुक्ला ने कार्यकर्ताओं को चुनाव में जुटने के दिशा निर्देश दिए। इस बैठक में फर्रुखाबाद पूर्वी,पश्चिम एवं फतेहगढ़ मंडल सम्मिलित रहे।
नगर पालिका फर्रुखाबाद चुनाव प्रभारी राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा भाजपा एकमात्र ऐसा संगठन है जो विचारधारा और सिद्धांतों पर आधारित है और जिसके पास कार्यकर्ताओं का सबसे बड़ा समूह है और इन्हीं कार्यकर्ताओं के दम पर भाजपा प्रत्येक चुनाव में अपनी विजय पताका को लहराती है। विधानसभा चुनाव समाप्त होने के उपरांत नगर पालिका के चुनाव प्रस्तावित हैं और इन चुनावों में भी अध्यक्ष से लेकर वार्ड के सदस्यों तक भाजपा प्रत्याशी को जिताने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी दमदारी के साथ जुटना होगा। भाजपा का संगठन किसी कार्यकर्ता को ही प्रत्याशी बनाएगा और उस कार्यकर्ता को जिताने की जिम्मेदारी भी सभी कार्यकर्ताओं की होगी। प्रत्येक वार्ड में 100 कार्यकर्ताओं की एक टोली बनेगी जो वार्ड में घर-घर संपर्क करेगी। यह टोली नव मतदाता बनाने का कार्य करेगी। इस चुनाव में भी विपक्ष मुद्दा हीन है प्रदेश सरकार की स्वच्छ एवं साफ छवि जनता के बीच है और उसी आधार पर यह चुनाव जनता के बीच लड़ा जाएगा।
सांसद मुकेश राजपूत ने कहा यह चुनाव विकास पर आधारित है। केंद्र व प्रदेश सरकार के अच्छे कार्यों के कारण जनता के बीच सरकार की साफ-सुथरी छवि है। नगर पालिका में पिछले 15 वर्षों से विकास कार्यों में अनदेखी की गई। जिन मार्गों पर सीसी रोड बननी चाहिए थी, वहां पर भी इंटरलॉकिंग लगाई गई। सबसे घटिया निर्माण कार्य नगरपालिका फर्रुखाबाद द्वारा किए गए। वार्ड की गलियों में भी सीसी रोड का निर्माण होना चाहिए ताकि अधिक समय तक वह बनी रहेगी। कार्यकर्ताओं को संकल्प के साथ जुटना होगा। एक-एक वार्ड में भारतीय जनता पार्टी का प्रत्याशी विजई हो, जिसके लिए कार्यकर्ताओं को अधिक मेहनत और परिश्रम करना होगा। प्रत्येक वर्ग तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचानी होगी।
सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने कहा विधानसभा में प्रचंड जीत के बाद नगर पालिका में भी भाजपा का परचम लहराएगा। जिसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को जनहित के मुद्दो को उठाना होगा। पिछले करीब 15 वर्षों से नगरपालिका में कोई विकास कार्य नहीं हुए। भाजपा जिला अध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने संगठन के विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। संचालन अवनीश शाक्य ने किया।
