लखनऊ। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मऊ विधायक अब्बास अंसारी की सदस्यता रद्द करने के फैसले पर भाजपा सरकार पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने इसे राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया और समाजवादी नेताओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया। अखिलेश ने न्यायपालिका की नियुक्तियों और भाजपा की चुनावी रणनीतियों पर भी सवाल उठाए और पार्टी के भविष्य के चुनावों में पूरी ताकत से लड़ने का ऐलान किया।
सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी की सदस्यता रद्द किए जाने के फैसले को लेकर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है। लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में शुक्रवार को मीडिया को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अब्बास अंसारी की विधायकी जानबूझकर रद्द की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी कार्रवाई राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है और समाजवादी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। अखिलेश ने कहा, “भाजपा के नेता न जाने क्या-क्या भड़काऊ बातें बोलते हैं, इनके लोग क्या स्टेटमेंट दे रहे है इनके लोग डीएनए पूछ रहे है। उसकी सदस्यता क्यों नही ली जा रही है? केवल समाजवादी नेताओं के खिलाफ ही कार्रवाई की जाती है।” उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह न्याय सबके लिए एक समान है या जाति के आधार पर फैसले लिए जा रहे हैं। सपा अध्यक्ष ने न्यायपालिका की नियुक्तियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ जजों की नियुक्ति जातिगत सोच के आधार पर की जा रही है, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है।
हेट स्पीच के मामले में विधायकी रद्द
मऊ से विधायक अब्बास अंसारी की विधायकी एक हेट स्पीच केस में दोषी ठहराए जाने के बाद समाप्त कर दी गई। खास बात यह रही कि इस कार्रवाई के लिए रविवार के दिन सचिवालय को खोला गया, जिससे राजनीतिक हलकों में इस कदम को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। विधानसभा सचिवालय ने इस संबंध में चुनाव आयोग को भी सूचना भेज दी है। अब मऊ सीट पर उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।
अखिलेश यादव ने इस मौके पर भाजपा सरकार पर पंचायत चुनाव और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है और गड़बड़ियों की आशंका है। उन्होंने जनता से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी ताकत से इन चुनावों में उतरेगी और जनता भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा को कोई अच्छा काम पसंद नहीं है। हर अच्छा काम ये खराब कर देते हैं। देश का सबसे अच्छा रिवर फ्रैट था। इसको खराब करने का काम भाजपा ने किया है। सुनने में आ रहा फव्वारे चोरी हो गए है। इसीलिए हम छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक दिवस मना रहे हैं। एक-दूसरे का सम्मान करके त्योहार मनाना चाहिए। एक दूसरे के प्रति व्यवहार अच्छा करके राष्ट्र को मजबूत बना सकते हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा अक्सर पीडीए के नेताओं को आगे करती है। पीडीए के नेता का नाम करके सवाल पूछवा रहे हो। कुछ लोग हमारे साथ जीते थे। कुछ नहीं मिल रहा था। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में कानून व्यवस्था ही जिसका नारा था, जीरो टॉलरेंस, वही जीरो हो गया है।
